अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में बुधवार को अमेरिकी वायु सेना का एक F-16 फाइटर जेट ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा एलीट थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन के विमान के साथ हुआ। राहत की बात यह है कि पायलट समय रहते पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकल आया। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
कब और कहाँ हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 10:45 बजे डेथ वैली के दक्षिण में स्थित एक दूरस्थ रेगिस्तानी इलाके में हुई। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि जेट तेज़ी से नीचे गिर रहा था और जमीन से टकराते ही जोरदार विस्फोट के साथ धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
पायलट को हल्की चोट
थंडरबर्ड्स टीम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 3 दिसंबर 2025 को प्रशिक्षण मिशन के दौरान पायलट ने F-16C फाइटिंग फाल्कन से सुरक्षित इजेक्ट किया। हादसे में पायलट को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सैन बर्नार्डिनो काउंटी फायर विभाग ने बताया कि विमान में सिर्फ पायलट ही सवार था।

6 जेट्स उड़े, लौटे 5
अधिकारियों ने बताया कि सुबह ट्रेनिंग के लिए छह थंडरबर्ड्स जेट्स ने उड़ान भरी थी, लेकिन हादसे के कारण सिर्फ पांच ही वापस लौट पाए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विमान नेवल एयर वेपन्स स्टेशन चाइना लेक के पास अज्ञात कारणों से गिरा।
ट्रेनिंग मिशन के दौरान दुर्घटना
जहाँ हादसा हुआ, वह क्षेत्र अक्सर सैन्य विमानों की उड़ान ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है। थंडरबर्ड्स आमतौर पर अपने एयरशो प्रदर्शनों से पहले इसी तरह की प्रैक्टिस उड़ानें करते हैं।
जांच जारी
US:F-16 फाइटिंग फाल्कन एक सिंगल-इंजन मल्टीरोल जेट है, जो थंडरबर्ड्स के ऐरोबैटिक शो का मुख्य हिस्सा होता है। एयर फोर्स की 57वीं विंग ने बताया कि दुर्घटना स्थल का मूल्यांकन जारी है। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों पर अंतिम बयान जारी किया जाएगा।
