Indigo Flights Crisis: देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर ऑपरेशनल चुनौतियों का सामना कर रही है। गुरुवार को तीसरे दिन भी अलग-अलग एयरपोर्ट्स से कई उड़ानों के रद्द होने की जानकारी मिली है। इससे पहले मंगलवार और बुधवार को भी 200 से अधिक फ्लाइट्स रद्द की गई थीं, जिसके चलते हजारों यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद सहित कई प्रमुख शहरों में इंडिगो की फ्लाइट ऑपरेशन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। बड़ी संख्या में यात्रियों को घंटों तक इंतजार और रिस्केड्यूलिंग का सामना करना पड़ा।
आज भी बड़ी संख्या में इंडिगो की उड़ाने प्रभावित
दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली 30 से अधिक फ्लाइट्स आज रद्द कर दी गईं। हैदराबाद में लगभग 33 उड़ानें कैंसिल हुईं, जबकि मुंबई एयरपोर्ट पर भी कई सेवाएं प्रभावित रहीं।
कहा जा रहा है कि इंडिगो ने आज देशभर में करीब 170+ उड़ानें रद्द की हैं, हालांकि एयरलाइन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इंडिगो रोजाना 22,000 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है। लगातार तीन दिनों से बिगड़ रहे शेड्यूल को देखते हुए कंपनी ने यात्रियों से माफी भी मांगी है।
*इंडिगो की सफाई—तकनीकी दिक्कतें और खराब मौसम जिम्मेदार*
•बुधवार को जारी अपने बयान में इंडिगो ने कहा कि
•तकनीकी समस्याएँ
•ठंड के मौसम से जुड़े शेड्यूल एडजस्टमेंट
•खराब मौसम
•एविएशन सिस्टम में बढ़ी हुई भीड़
•और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन्स
इन सब कारणों की वजह से ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, और कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
Indigo Flights Crisis: कंपनी का कहना है कि स्थिति को सामान्य करने के लिए शेड्यूल में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। यह अस्थायी सुधारात्मक कदम अगले 48 घंटे तक लागू रहेंगे, जिसके बाद उम्मीद है कि नेटवर्क में नियमित संचालन और समयबद्धता वापस आ जाएगी।
