
केंद्र सरकार ने अपने केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस देने का ऐलान किया। वित्त मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर इस बात की जानकारी दी। केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 30 दिन के प्रोडक्टिविटी-लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी दी गई है।
वित्त मंत्रालय ने बताया कि ग्रुप C और नॉन गजेटेड ग्रुप B कर्मचारियों को 2024-25 के लिए 30 दिन की सैलरी के बराबर ‘एड-हॉक बोनस’ दिया जाएगा। इस बोनस की राशि 6,908 रुपए तय की गई है।
कौन से कर्मचारियों को बोनस का फायदा मिलेगा?
- 31 मार्च 2025 तक नौकरी में रहने वाले कर्मचारी, जिन्होंने 6 महीने लगातार काम किया, बोनस के हकदार होंगे।
- अगर कोई कर्मचारी पूरे साल काम नहीं कर पाया, तो उसे उसके काम किए महीनों के हिसाब से बोनस मिलेगा।
- यह बोनस केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के योग्य कर्मचारियों को भी दिया जाएगा।
- केंद्र शासित प्रदेशों में केंद्र सरकार के सैलरी स्ट्रक्चर पर कार्यरत कर्मचारी, जिन्हें अन्य बोनस नहीं मिलता, वे इसके हकदार होंगे।
- एड-हॉक कर्मचारी, जिनकी सर्विस में किसी भी तरह का कोई ब्रेक नहीं है, उन्हें भी बोनस मिल सकता है।
- पिछले तीन साल में तय दिनों तक काम करने वाले कैजुअल मजदूरों को 1,184 रुपए का बोनस मिलेगा।
बोनस का कैलकुलेशन कैसे होगा?
बोनस का कैलकुलेशन 7,000 रुपए की मैक्सिमम मंथली सैलरी के आधार पर होगा। उदाहरण के लिए, 30 दिन का बोनस इस तरह निकाला जाएगा …
7,000 × 30 ÷ 30.4 = 6,907.89 रुपए (राउंड ऑफ 6,908 रुपए)।
बोनस से जुड़ी कुछ खास बातें –
यह बोनस सिर्फ उन कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक नौकरी में हैं। वहीं इस तारिख से पहले जिन कर्मचारियों ने रिटायरमेंट लिया, इस्तीफा दिया और जिनका निधन हो गया है, वे भी कम से कम 6 महीने की नियमित सेवा पूरी करने के लिए बोनस के हकदार होंगे।
अगर कोई कर्मचारी किसी दूसरी संस्था में डेप्युटेशन पर है, तो बोनस उस संस्था से मिलेगा जहां वे काम कर रहे हैं। बोनस की राशि हमेशा रुपए में राउंड ऑफ की जाएगी।