इंडिगो की बड़ी घोषणा : क्रू संकट से प्रभावित यात्रियों को मिलेगा 10,000 रुपये का मुआवजा, एयरलाइन ने शुरू की पहचान प्रक्रिया.
इंडिगो एयरलाइंस पिछले कुछ दिनों से गंभीर ऑपरेशनल संकट का सामना कर रही है। 3 से 5 दिसंबर के बीच क्रू की कमी के चलते कई उड़ानें या तो लेट हुईं या एयरपोर्ट पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतज़ार करना पड़ा . इसी परेशानी को देखते हुए एयरलाइन ने अब बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की है कि इन तीन दिनों में जिन यात्रियों को अत्यधिक असुविधा झेलनी पड़ी, उन्हें 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर दिए जाएंगे.

हालांकि मुआवजा किन यात्रियों को मिलेगा और उनकी पहचान किस प्रक्रिया से होगी—इस पर एयरलाइन ने अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि इंडिगो अपनी सर्विलांस डेटा, फ्लाइट रिकॉर्ड और शिकायतों की लिस्ट के आधार पर यात्रियों को चिह्नित कर सकती है .
कई दिनों से चल रही तकनीकी व क्रू-मैनेजमेंट से जुड़ी समस्याओं के कारण इंडिगो को यात्रियों की नाराज़गी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी कंपनी की खूब आलोचना हुई। इसके बावजूद एयरलाइन ने दावा किया है कि जिन यात्रियों की फ्लाइट कैंसिल हुई थी, उन्हें पहले ही पूरा रिफंड दिया जा चुका है।
कंपनी अब ऑपरेशंस को फिर से सुचारू करने और यात्रियों का भरोसा वापस जीतने की कोशिश में जुट गई है। यात्रियों को उम्मीद है कि जल्द ही एयरलाइन अपने मुआवजे की प्रक्रिया और मानदंडों को लेकर भी स्पष्ट जानकारी जारी करेगी।
