IND vs SA 2nd ODI:रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। टीम ने 359 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए नया इतिहास लिख दिया। भारत में इतने बड़े स्कोर का सफल चेज करने वाली वह ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरी टीम बन गई है। इससे पहले 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने यही करिश्मा किया था।
टारगेट का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। यह भारत की सरज़मीं पर साउथ अफ्रीका का सबसे बड़ा सफल रनचेज रहा, जबकि कुल मिलाकर दूसरा सबसे बड़ा चेज है। इस जीत में मार्करम के शतक ने अहम भूमिका निभाई, वहीं डेवाल्ड ब्रेविस और ब्रीट्जके ने आधी सेंचुरी लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारतीय टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 358 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और अफ्रीका के सामने 359 रन का लक्ष्य रखा।
भारत की ओर से रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की, लेकिन रोहित 5वें ओवर में 14 रन बनाकर नांद्रे की गेंद पर आउट हुए। जल्द ही यशस्वी भी 22 रन पर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन की बड़ी साझेदारी निभाई। गायकवाड़ ने सिर्फ 77 गेंदों में अपना पहला वनडे शतक जमाया, जबकि विराट कोहली ने 90 गेंदों में लगातार दूसरी सेंचुरी लगाते हुए अपने वनडे करियर का 53वां शतक पूरा किया। कोहली 102 रन बनाकर एनगिडी की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर सिर्फ 1 रन पर रन आउट हुए।
कप्तान केएल राहुल ने भी उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए लगातार दूसरी फिफ्टी ठोकी और 43 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए। जडेजा 24 रन पर नाबाद रहे। दोनों के बीच 69 रन की साझेदारी हुई। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने 2 विकेट लिए, जबकि एनगिडी और नांद्रे बर्गर को एक-एक सफलता मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11-
भारत- यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा
साउथ अफ्रीका- क्विंटन डी कॉक, एडेन मार्करम, टेम्बा बावुमा, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, टोनी डी जोर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नांद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी
