Air India flights Alert:हवाई यात्रा करने वालों को देरी का अनुभव हो सकता है। एयरबस ने वैश्विक स्तर पर ए320 विमानों के लिए तकनीकी निर्देश जारी किए हैं, जिसका प्रभाव एअर इंडिया और इंडिगो की उड़ानों पर भी पड़ सकता है। इन दोनों भारतीय एयरलाइनों के बेड़े में एयरबस के ए320 विमान शामिल हैं, जिससे घरेलू उड़ानों में व्यापक स्तर पर रुकावट आ सकती है।
एयर इंडिया और इंडिगो ने हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक सलाह जारी की है। इस बीच, जापान के एएनए एयरलाइंस ने भी 65 उड़ानों को रद्द कर दिया है।
एयर इंडिया की एडवाइजरी जारी की
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि “एयरबस ने ए320 के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिससे हमारे बेड़े में शामिल एयरबस ए320 में सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में कुछ परिवर्तन होंगे। इसके परिणामस्वरूप परिचालन में देरी हो सकती है और यात्रियों को हवाई यात्रा में अधिक समय लग सकता है।”
इंडिगो ने एक सलाह जारी करते हुए कहा,
हमारी प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। एयरबस ने ए320 बेड़े के लिए वैश्विक स्तर पर तकनीकी दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसलिए, प्रोटोकॉल के अनुसार, हम विमानों में आवश्यक अपडेट कर रहे हैं। इस प्रक्रिया के दौरान कुछ उड़ानों के कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है। हमारी टीमें 24 घंटे बुकिंग, अपडेट और जानकारी प्रदान करने के लिए उपलब्ध हैं।”
एयरबस ए320 में क्या होंगे अपडेट?
एयरबस ने बयान जारी करते हुए बताया कि ए320 सोलर रेडिएशन से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में उड़ान के दौरान तेज सोलर रेडिएशन से डेटा साझा करना मुश्किल हो रहा है। संवेदनशील विमानों की पहचान कर ली गई है और सभी कंपनियों से जरूरी बदलाव की अपील की गई है।
कितनी उड़ानें होंगी प्रभावित?
Air India flights Alert:एयरबस की इस एडवाइजरी से दुनियाभर की उड़ानों पर असर पड़ सकता है। जापान की एएनए एयरलाइंस ने 65 उड़ाने रद कर दी हैं। भारत में 200-250 उड़ाने प्रभावित होने का अंशका जताया जा रहा है। इनमें कुछ उड़ानों में देरी होने की संभावना है, तो कई फ्लाइट्स रद भी की जा सकती हैं।
