Pm modi raipur visit:प्रधानमंत्री 29-30 नवंबर, 2025 को छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन के 60वें संस्करण में भाग लेने वाले हैं। यह सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रमुख पुलिस चुनौतियों का सामना करने में अब तक की गई प्रगति की समीक्षा करना है, और ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुसार ‘सुरक्षित भारत’ के निर्माण के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करना है।
इस सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत: सुरक्षा आयाम’ है, जिसमें वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था में फोरेंसिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
यह सम्मेलन देश भर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को राष्ट्रीय सुरक्षा के विविध मुद्दों पर खुले और सार्थक विचार-विमर्श के लिए एक महत्वपूर्ण संवादात्मक मंच प्रदान करता है।
यह पुलिस बलों के सामने आने वाली परिचालन,
असंरचनात्मक और कल्याण संबंधी चुनौतियों पर चर्चा के साथ-साथ अपराध से निपटने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आंतरिक सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए पेशेवर प्रथाओं के निर्माण और साझाकरण को भी सुगम बनाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वार्षिक सम्मेलन के प्रति लगातार विशेष रुचि दिखाई है और उन्होंने स्पष्ट संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। उन्होंने ऐसा माहौल तैयार किया है जिसमें पुलिस व्यवस्था के लिए नए विचार सामने आ सके। व्यवसायिक सत्र, विस्तृत चर्चाएं और विषयवार संवाद प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के साथ आंतरिक सुरक्षा और नीतिगत मुद्दों पर अपने विचार साझा करने का अनुकूल अवसर प्रदान करते हैं।
इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री समेत कई प्रमुख हस्तियों की भी उपस्थिति रहेगी। वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस सम्मेलन के प्रारूप में निरंतर सुधार किया जा रहा है।
Pm modi raipur visit:इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक, तथा केंद्रीय पुलिस संगठनों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। नए और क्रांतिकारी विचारों को साझा करने के उद्देश्य से, इस वर्ष राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के गृह विभाग के प्रमुखों के साथ-साथ कुछ विशेष पुलिस अधिकारियों, जैसे डीआईजी और एसपी, को भी आमंत्रित किया गया है।
